मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है: जतारा विधायक हरिशंकर खटीक

टीकमगढ़, 19 अप्रैल 2026/* टीकमगढ़ जिले में पवित्र पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद पंचायत जतारा अंतर्गत शारदा मंदिर मातृ धाम छिपरी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डाॅ. शिशुपाल सिंह यादव तथा कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 99 जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की, जिनमें 96 जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न हुआ, जबकि 3 जोड़ों का निकाह कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके परिवारों को राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की कामना की।

सामूहिक विवाह सम्मेलन में अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को 49 हजार रूपये का चेक तथा शासन द्वारा निर्धारित सामग्री एवं आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेखा महेश यादव, श्री अजय सिंह यादव, श्रीमती मीरा खरे, श्रीमती संध्या सोनी,श्री स्वप्निल तिवारी, श्री मोहन सिंह गौर, श्री गणेश आदिवासी, अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री सौरभ तिवारी, एसडीओपी श्री अभिषेक गौतम सहित संबंधित अधिकारीगण तथा परिवारजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *