टीकमगढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के आधार पर फरवरी माह की राज्य स्तरीय रैंकिंग में लगातार पाँचवीं बार प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की गई। उनके द्वारा प्रतिदिन समीक्षा कर सभी थाना प्रभारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। परिणामस्वरूप, पुलिस बल की सतत मेहनत और समर्पण से यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिनांक मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की उपस्थिति में केक काटकर इस सफलता का जश्न मनाया गया। साथ ही, सभी थाना एवं चौकी स्तर पर भी पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ उत्साहपूर्वक उत्सव मनाने के निर्देश दिए गए।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने इस अवसर पर कहा कि—
“यह उपलब्धि पुलिस टीम की मेहनत, अनुशासन और जनता के प्रति जिम्मेदारी का परिणाम है। टीकमगढ़ पुलिस ने प्रदेश में एक मिसाल कायम की है, जिसे आगे भी बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।”
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
