दिनांक 28.01.2026 को थाना पलेरा क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका के साथ आरोपी, शासकीय शिक्षक एवं वर्तमान में पलेरा निवासी, द्वारा दुष्कर्म की गंभीर घटना कारित की गई। उक्त संबंध में बालिका के परिजनों द्वारा थाना पलेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पलेरा पुलिस द्वारा तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीबद्ध की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल 04 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। सतत प्रयासों के फलस्वरूप आरोपी को शीघ्रतापूर्वक गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस द्वारा पीड़िता एवं उसके परिजनों के संरक्षण एवं सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक एवं संवेदनशील प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। साथ ही, मामले की गहन, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच प्रारंभ कर दी गई है।
पलेरा पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म सहित POCSO Act एवं संबंधित आपराधिक धाराओं के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई पूर्ण तत्परता के साथ की जाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन एवं आगे की विवेचना सक्रिय रूप से जारी है।
