विद्युत कर्मियों की सुरक्षा एवं कार्यकुशलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को कॉन्फ्रेंस हॉल, कैंपिंग हाउस टीकमगढ़ में एक महत्वपूर्ण विद्युत सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अधीक्षण अभियंता, टीकमगढ़ वृत्त, कार्यपालन अभियंता, टीकमगढ़ संभाग, सहायक अभियंता टीकमगढ़ उपसंभाग तथा सहायक अभियंता (शहर) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला में ग्रामीण, शहर एवं मवाई वितरण केंद्रों में कार्यरत लाइन कर्मचारियों को विद्युत कार्य के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों, सुरक्षा उपकरणों के व्यवहारिक उपयोग, तथा संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि विद्युत कार्यों में किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं।
इस अवसर पर वर्तमान में संचालित समाधान योजना 2025-26 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने इसके सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। योजना के अंतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्रामवार समाधान कैंपों का आयोजन, तथा बकायादार उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित कर उन्हें योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनवरी 2026 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को कहा गया।
कार्यशाला के समापन पर सभी अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों द्वारा कंपनी के दायित्वों के अनुरूप कार्य करने तथा विद्युत सुरक्षा नियमों के पूर्ण पालन की सामूहिक सुरक्षा शपथ ली गई। आयोजन को विभागीय अनुशासन, सुरक्षा संस्कृति और राजस्व सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
विद्युत सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन
