टीकमगढ़ जिले के अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अशरफ अली शाह की जयंती के अवसर पर नगर भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में स्व. अशरफ अली शाह के परिजन, नगर के साहित्यकार, कवि एवं जनसामान्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी श्री हनुमंत सिंह चौहान ने की। जिला योजना अधिकारी (शिक्षा विभाग) श्री सी. एल. अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिले के वरिष्ठ शायर हाजी जफर उल्ला खान एवं बुंदेली कवि श्री प्रभुदयाल श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. अशरफ अली शाह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुआ। उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए श्री रामस्वरूप दीक्षित ने उन्हें जननेता एवं विकासवादी पुरुष बताया। उन्होंने स्व. अशरफ अली शाह द्वारा अंग्रेजों के विरुद्ध किए गए सामूहिक आंदोलनों और झेली गई यातनाओं का विस्तार से उल्लेख किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री हनुमंत सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों से परिचित कराते हैं। उन्होंने स्व. अशरफ अली शाह के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्व. अशरफ अली शाह को सदैव स्मरण किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि श्री सी. एल. अहिरवार ने स्व. अशरफ अली शाह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन से सीख लेने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं श्री शीलचंद्र जैन ने स्व. अशरफ अली शाह के नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख और सराहना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन में उपस्थित कवियों एवं साहित्यकारों ने काव्य और शब्दों के माध्यम से अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अशरफ अली शाह को श्रद्धांजलि अर्पित की। कवि सम्मेलन में श्री वीरेन्द्र चंसौरिया, राजीव नामदेव राना लिधौरी, पूरन चंद्र गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विशाल कड़ा, रविन्द्र यादव, शाकिल खान, गुलाब सिंह यादव, कमलेश सेन, अनवर खान ‘साहिल’, स्वप्निल तिवारी एवं एस. आर. सरल सहित अनेक कवियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम और कवि सम्मेलन का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजीव नामदेव ‘राना लिधौरी’ द्वारा किया गया.
श्रद्धांजलि सभा में स्व. अशरफ अली शाह के परिवारजन भी उपस्थित रहे, जिनमें श्री सलीम अली, श्री गुलाब अली, श्री हशरत अली, श्री रज्जाक अली, हसन अली, आइशा बानो, अशर्फी शाह एवं श्री सोहल अख्तर प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में श्री जी आर प्रजापति, दिनेश पाठक, विजय रैकवार, विजय मेहरा सहित बड़ी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अशरफ अली शाह की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई
