टीकमगढ़। महावीर बाल संस्कार स्कूल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वर्णी जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। साथ ही महमस्तिकाभिषेक का कार्यक्रम, पूज्य मुनि श्री 108 सौम्य सागर ,108 जयंद्र सागर महाराज के मंगल प्रवचन कार्यक्रम एवं समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन समिति के महामंत्री मनोज मड़वैया ने जानकारी दी कि 14 सितंबर को सुबह 6 बजे से नित्य पूजन, अभिषेक, शांतिधारा, 8 बजे से मुनिश्री के मंगल प्रवचन, 9 बजे से महमस्तिकाभिषेक , 11 बजे से आहारचर्या के कार्यक्रम होंगे।इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से वर्णी जयंती, क्षमावाणी एवं समाज के प्रतिष्ठित समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। समाजहित और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों, सेवा भावना और वर्णी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।
विद्यालय के उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मेंद्र जैन ने बताया कि इस आयोजन से छात्रों को समाजसेवा और आदर्श जीवन मूल्यों की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और समाजसेवी शामिल होंगे।
मनीष सोनी की रिपोर्ट
