टीकमगढ़। टीकमगढ़। शहर में मंगलवार देर रात हुई वारदात ने सनसनी फैला दी। रोरैया मोहल्ला निवासी सुरेन्द्र सिंह बुंदेला पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल बुंदेला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित के बेटे अर्जुन सिंह बुंदेला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। अर्जुन के अनुसार, 31 अगस्त की रात लगभग 11:35 बजे सूचना मिली कि उनके प्लॉट पर अवैध रूप से चबूतरा और दीवार का निर्माण किया जा रहा है। जब उनके पिता सुरेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और निर्माण कर रहे लोगों से सवाल किया, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने कोलतार की डिब्बी उठाकर सुरेन्द्र सिंह पर फेंक दी। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों के पास सरिए और अन्य घातक हथियार भी थे और उन्होंने जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में सुरेन्द्र सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक हालत नाजुक बनी हुई है। अर्जुन सिंह ने कहा कि यह हमला पूर्व नियोजित था और इसमें कई लोग शामिल थे। पुलिस से मांग की गई है कि आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह जमीन का मामला बताया जा रहा है।
मनीष सोनी की रिपोर्ट
