पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी की मिसाल रहे नायक बुधसेन यादव को उनके रिटायरमेंट के अवसर पर चितरंगी थाना परिसर में एक गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एसडीओपी चितरंगी श्री राहुल सैयाम, थाना प्रभारी सुदेश तिवारी, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बुधसेन यादव ने अपने 60 वर्षीय जीवनकाल में सिंगरौली ज़िले के कई थाना क्षेत्रों में सेवाएं दीं। विशेष रूप से चितरंगी क्षेत्र में उन्होंने लंबे समय तक कार्य करते हुए अपने व्यवहार, कर्तव्यपरायणता और लोकहित में किए गए कार्यों से सभी का दिल जीता। विभाग में उन्हें एक अनुशासित, सहयोगी और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है।
समारोह के दौरान एसडीओपी राहुल सैयाम ने अपने संबोधन में कहा कि – “बुधसेन यादव जैसे कर्मठ पुलिसकर्मी आज के समय में प्रेरणा हैं। इन्होंने हमेशा कानून और कर्तव्य के प्रति अपनी निष्ठा को सर्वोपरि रखा है।”
थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा – “बुधसेन यादव जी का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने जिस तरह अनुशासन और सेवाभाव से कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है।”
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित स्टाफ़ ने भावुक होकर उन्हें यादगार उपहार भेंट किए, उनके साथ बिताए गए पलों को साझा किया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में बुधसेन यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा –
“मैं अपने इस पुलिस परिवार का सदैव आभारी रहूंगा। यह विभाग मेरे लिए सिर्फ नौकरी का स्थान नहीं, बल्कि एक परिवार था। मुझे गर्व है कि मैंने इस महान संस्था में सेवा दी।”
समारोह के दौरान संगीत, पुष्पगुच्छ भेंट, स्मृति चिन्ह और मिठाइयों के साथ संपूर्ण वातावरण भावुक एवं उत्साहपूर्ण रहा।
सिंगरौली/सीधी से बाबू श्री मान सिंह चंदेल की ब्यूरो रिपोर्ट
