शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला शिक्षा अधिकारी छतरपुर आर पी प्रजापति का स्कूलों में औचक निरीक्षण, उत्कृष्ट बड़ामलहरा प्राचार्य को स्कूल में मिली वित्तीय अनियमितताओं के चलते मौके पर हटाया

छतरपुर:* जिला शिक्षा अधिकारी आर पी प्रजापति जिले के स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने लगातार निरीक्षण कर रहे है। शनिवार के दिन डीईओ ने बड़ामलहरा ब्लॉक के 05 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया जिनमें शासकीय हाइस्कूल मुंगवारी, उत्कृष्ट बड़ामलहरा, सीएम राइज बड़ामलहारा, शासकीय कन्या घुवारा और बालक घुवारा स्कूल रहे। उत्कृष्ट विद्यालय बड़ामलहरा में डीईओ को निरीक्षण के दौरान गंभीर वित्तीय अनियमितताएं मिलने, टाइम टेबल नहीं बनने, और कक्षाएं समय से संचालित नहीं होने पर वहां के प्राचार्य कुंजीलाल अहिरवार को नायक फिल्म के अनिल कपूर की स्टाइल में मौके पर संस्था के प्रभार से हटाकर श्रीमती के व्ही जैन को प्रभार सौंप दिया। डीईओ ने प्रभारी प्राचार्य कुंजीलाल अहिरवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वही अन्य स्कूलों के प्राचार्यों को डीईओ आर पी प्रजापति ने सख्त निर्देश दिए कि यदि स्कूलों में कोई गड़बड़ियां पाई गई तो प्राचार्य अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए तैयार रहे। उनका कहना है कि जिले में शैक्षणिक स्तर में गिरावट को वह किसी स्थिति में स्वीकार्य नहीं करेंगे। डीईओ ने स्कूलों में शिक्षकों के द्वारा हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से उपस्थिति लगाने को आवश्यक बताकर इसका कड़ाई से पालन कराने के निर्देश प्राचार्यों को दिए। अतिथि शिक्षक भी हमारे शिक्षक ऐप से उपस्थिति लगाए इसके निर्देश भी डीईओ ने प्राचार्यों को दिए। डीईओ का पूरे जिले के प्राचार्यों को संदेश है कि स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगाई जाए, स्टाफ अपनी क्षमता अनुरूप शैक्षणिक कार्य को अंजाम दे और प्राचार्य पूरा समय अपने विद्यालय को उन्नत बनाने में दे ताकि छतरपुर जिला प्रदेश में उत्कृष्ट जिलों में शुमार हो सके।

विजय सिंह ठाकुर की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *