सम्राट विक्रमादित्य के युग का प्रकटीकरण कर जन-जन तक पहुंचना मुख्य उद्देश्य: मुख्यमंत्री डॉ यादव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के शासनकाल से जुड़े स्वर्णिम पृष्ठों को जीवंत करने का प्रयास महानाट्य के माध्यम से किया गया है। सम्राट के युग का प्रकटीकरण कर उनकी विचारधारा और सोच को जन-जन तक पहुंचना ही मुख्य उद्देश्य है। विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति द्वारा प्रस्तुतिकरण और श्री संजीव मालवीय के निर्देशन में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन के विभिन्न प्रसंगों जैसे बेताल पच्चीसी की घटना, सिंहासन बत्तीसी, संवत् प्रवर्तन, राज्याभिषेक को रंगमंच की अत्याधुनिक तकनीको के प्रयोग कर महानाट्य का तीन दिवसीय मंचन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने महानाट्य महामंचन में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के स्वागत अध्यक्ष के रूप में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

केंदीय संचार मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि भारत के इतिहास के महान योद्धा और कुशल शासक सम्राट विक्रमादित्य की स्मृति में आयोजित महानाट्य के माध्यम से मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इनके गौरवगाथा को राष्ट्र पटल पर लाने का श्रेष्ठ काम किया है, और भविष्य में इसे विश्व पटल पर भी पहुंचाया जाएगा। पानीपत की तृतीय लड़ाई के बाद जब मराठा साम्राज्य समाप्ति की कगार पर आ गया था, तब सम्राट विक्रमादित्य जैसे वीर मराठा योद्धा महादजी शिंदे ने सन 1771 में लाल किले पर हिंदवी स्वराज के भगवा पताका फहराया और 32 साल तक दिल्ली में राज्य किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं भी सम्राट विक्रमादित्य के शासन की याद दिलाती हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव इस महानाट्य से भावात्मक रूप से विगत 18 वर्षों से जुड़े हुए हैं जब वे सम्राट विक्रमादित्य के पिताजी की भूमिका निभाते आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विरासत और विकास को जोड़ने का प्रशंसनीय काम किया है।

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश ने कहा कि अतीत के प्रेरक प्रसंगों से भविष्य गढ़ने की ताकत और ऊर्जा मिलती है। वर्तमान युग भारत के पुनर्जागरण का युग है, ऐसे में इतिहास के गौरवशाली प्रसंग प्रेरणा देते हैं। सम्राट विक्रमादित्य के न्याय, धर्म, कला और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध शासनकाल को जनमानस की स्मृति में ताजा करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव बधाई के पात्र हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के जीवन को महानाट्य रूप में प्रस्तुत करने का दिल्ली को सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जिसके लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का दिल्लीवासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकारें को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृतियों का आदान प्रदान कर शीर्ष पर ले जाने का कार्य कर रही है। विभिन्न प्रदेशों की संस्कृतियों को माला की तरह पिरो कर जनता तक पहुंचाने की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की है।

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद वीडी शर्मा, आचार्य अचिलानंद महाराज, गृह और ऊर्जा मंत्री दिल्ली शासन आशीष सूद भी उपस्थित थे।

एम डी एस चौहान की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *