टीकमगढ़, 12 सितम्बर 2025/* मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमन्तु अर्द्धघुमन्तु कल्याण विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासन की योजनाओं/कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक अयोजित की गई। इस अवसर पर सरोज राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह, टीकमगढ़ विधायक यादवेन्द्र सिंह बुन्देला, खरगापुर विधायक चंदारानी गौर, सांसद प्रतिनिधि विवेक चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री राहुल सिंह, पूर्व विधायक टीकमगढ़ राकेश गिरि गोस्वामी, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, जनपद पंचायत जतारा अध्यक्ष रेखा महेश यादव, अन्य जनप्रतिनिधि सहित कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी मंत्री गौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार सभी किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद समय पर उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाये। सभी के सहयोग से वितरण की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके ग्रामों में ही आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध हो, ऐसा प्रयास करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में विशेष राजस्व अभियान चलाकर राजस्व संबंधी योजनाओं का शत-प्रतिशत कियान्वयन करायें, इन कार्याें में जहां भी बाधायें है उनका तत्काल निराकरण करायें और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जाये। श्रीमती गौर ने कहा कि जिले में इस वर्ष अतिवृष्टि से नष्ट फसलों की क्षति हेतु पुनः पटवारियों के माध्यम से सर्वे कराया जाये, जिससे कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहे।
प्रभारी मंत्री गौर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जिले मंे सभी पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण व्यवस्थित रूप से किया जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में जिन दुकानों में खाद्यान्न वितरण में अनियमितताएं पाई गई हैं, उनकी जांच शीघ्र पूर्ण कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान चलाकर 70 वर्ष के अधिक उम्र के शेष सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनवाये जायें, निराश्रित बच्चों को स्पॉंशर योजना के तहत लाभ दिया जाये, एक बगिया मां के नाम कार्यक्रम के तहत जिले के चारों विकासखंडों में बगिया बनवायी जायें। उन्होंने सहकारिता विभाग के कार्याे में प्रगति अपेक्षित नहीें होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि जिले में कानून व्यवस्था पर विशेष सतर्कता रखें, कहीं भी अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं हो यह सुनिश्चित करायें। उन्होंने जिले में चल रहे निर्माणाधीन विकास कार्याें की समीक्षा करे हुये निर्देशित किया कि निमार्णाधीन पीएम श्री शालाओं के शेष कार्य एक माह में पूर्ण कराने का प्रयास करें तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। सभी छात्रावासो में विद्यार्थियों के लिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर हों, भवन अच्छी स्थिति में हो यह सुनिश्चित करायें, यदि जिले में और छात्रावासों की आवश्यकता हो तो शासन को प्रस्ताव भेजा जाये। उन्होंने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रागति की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक तथा समय सीमा में पूर्ण कराने का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने निर्देशित किया कि अनुसूचित जनजाति विभाग द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन कर सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाये। श्रीमती गौर ने जिले में ग्राम पंचायत चंद्रपुरा सहित अन्य ग्रामों में नवाचार के तहत चैंबर आधारित अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम की सराहना करते हुये इसे अन्य ग्रामों में भी कराने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि इस बार वर्षा काफी अच्छी हुई है इसलिए सभी जल स्रोत फुल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में रबी फसल हेतु उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त है तथा वितरण हेतु सुदृढ़ व्यवस्था बनाई गई है। खरगापुर विधायक श्रीमती गौर ने खरगापुर तहसील में भी खाद वितरण केन्द्र दुकान खोले जाने की मांग की, जिस पर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री नल जल योजनांतर्गत 261 ग्रामों में नल से जल कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा शेष ग्रामों में कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जायेगा, जहां पानी का स्रोत सफल नहीं है या स्रोत सूख गये हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।
मनीष सोनी की रिपोर्ट
