टीकमगढ़। ग्राम भेलसी में एक प्रसूता महिला की प्रसव के दौरान असमय मृत्यु हो गई। शासन की जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना के तहत मृतका के परिवार को आर्थिक मदद प्रदान की गई। इस क्रम में हितग्राही के पति को 12,000 रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
बीएमओ ने सौंपा चेक
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) अंकित त्रिपाठी ने पीड़ित परिवार को योजना अंतर्गत मिलने वाली राशि का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा प्रसव के दौरान मातृ मृत्यु दर को रोकना और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाना है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग हमेशा ग्रामीण अंचलों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जननी सुरक्षा एवं प्रसूति सहायता योजना का उद्देश्य
जननी सुरक्षा योजना और प्रसूति सहायता योजना का उद्देश्य प्रसव के दौरान महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना, अस्पताल में प्रसव को प्रोत्साहित करना और किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में परिवार को आर्थिक संबल देना है।
ग्रामीणों ने बीएमओ का जताया आभार
इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के इस कदम की सराहना की। उनका कहना है कि सहायता राशि से पीड़ित परिवार को कुछ आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही उन्होंने मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रसव के समय चिकित्सा संसाधनों को और बेहतर बनाया जाए।
मनीष सोनी की रिपोर्ट
