यूपी के झाँसी में तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर को हटवाने को लेकर भाजपा के बबीना और झाँसी सदर विधायक में शुरू हुई तकरार अब पत्रकार तक पहुँच गयी है, और मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। विधायक से पीड़ित पत्रकार ने मोर्चा खोलते हुए पीएम मोदी, सीएम योगी और भाजपा से सवाल किया है कि यदि आपकी माँ के अपमान पर भाजपा आसमान सिर पर उठा सकती है, पत्रकार की माँ भी माँ है, उसे गाली देने वाले अपनी ही पार्टी के विधायक पर मोदी जी, योगी जी और भाजपा क्या कोई कार्यवाही करेगी। दरअसल मामला भाजपा के बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा से जुड़ा है। कुछ दिन पूर्व झाँसी के सीपरी बाजार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह की शिकायत विधायक ने झाँसी की प्रभारी मंत्री बेबीरानी मौर्य से की थी। इस पर बेबीरानी मौर्य ने डीजीपी को पत्र लिखकर इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्यवाही की बात कही थी, और इंस्पेक्टर को चार्ज से हटा भी दिया गया था। वहीं भाजपा के ही झाँसी सदर विधायक रवि शर्मा ने इंस्पेक्टर के समर्थन में डीजीपी को पत्र जारी कर खलबली मचा दी थी। दो पत्र सामने आने पर मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पर भाजपा के अंतर्कलह को उजागर किया गया था। इसी खबर को झाँसी के पत्रकार पुष्पेन्द्र सिंह यादव ने भी दिखाया था। आरोप है कि खबर से नाराज बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने, पत्रकार पुष्पेन्द्र सिंह को फोन पर जमकर माँ बहिन की ग़ालियाँ दीं और धमकाया। पुष्पेन्द्र सिंह का दावा है कि उनके पास विधायक द्वारा गाली देने की ऑडियो रिकॉर्डिंग है। उन्होंने एसएसपी से भी विधायक की लिखित शिकायत कर कार्यवाही कि मांग की है। अब यह मामला विपक्षी दलों के लिए भी मुद्दा बनता दिख रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस मुद्दे पर कैसे डैमेज कंट्रोल करती है।
भाजपा विधायक पर पत्रकार को मां की गाली देने का आरोप, मचा घमासान..
