टीकमगढ़ जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में दिगोड़ा पुलिस ने दिनांक 04 मार्च 2026 को थाना दिगोड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अफीम की फसल जप्त की गई है।
➡️ थाना दिगोड़ा पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम प्रतापपुरा क्षेत्र में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीओपी जतारा श्री अभिषेक गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए गए।
निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम द्वारा थाना प्रभारी दिगोड़ा एवं पुलिस बल के साथ ग्राम प्रतापपुरा स्थित बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जांच के दौरान आरोपी धंसा केवट पिता जूजू केवट (उम्र 65 वर्ष) निवासी प्रतापपुरा के स्वामित्व एवं कब्जे के कृषि क्षेत्र “मालन का हार” में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर अफीम के पौधों (जड़, तना एवं पत्तियों सहित) को विधिवत जप्त कर उनकी तौल की गई, जिसमें कुल लगभग 419.1 किलोग्राम अवैध अफीम कीमती लगभग ₹4513000 की फसल बरामद हुई। जप्ती की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना दिगोड़ा में अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित थाना दिगोड़ा की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका एवं सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।
जिला पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन एवं अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
