टीकमगढ़ जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक विशेष आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्पन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में “प्रतिभा सम्मान अभियान” के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
👉कार्यक्रम के दौरान मंडलोई ने प्रत्येक विद्यार्थी से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें न केवल प्रेरित किया, बल्कि सफलता के सूत्र भी साझा किए। छात्रों की पढ़ाई, विषय चयन और करियर योजना को लेकर गहन संवाद किया गया, जिससे छात्रों को स्पष्ट दिशा और आत्मबल मिला।
👉 पुलिस अधीक्षक ने कहा कि, “मेहनत, अनुशासन और संकल्प की त्रिवेणी ही सफलता की नींव है।” उन्होंने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और परीक्षा की रणनीतियों पर उपयोगी सुझाव दिए। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
🔸 सम्मानित मेधावी विधार्थी
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों से चुने गए मेधावी विद्यार्थियों —
हेमलता पाल, खुशबू बानो, सुनैना अहिरवार, प्रतिभा साहू, निधि यादव, अंजल यादव, साधना पाल तथा नैनशी अहिरवार — को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
🔸इस अवसर पर क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड की ओर से इन सभी सम्मानित छात्राओं को ₹10,000 की स्कॉलरशिप प्रदान की गई, जो उनकी आगे की पढ़ाई में सहायक होगी। यह आर्थिक सहयोग न केवल उनके आत्मबल को बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रोत्साहित भी करेगा।
कार्यक्रम में क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन श्रीवास्तव, एरिया मैनेजर राकेश ठाकुर,ब्रांच मैनेजर प्रदीप झा, एवं
असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर आशाराम सेन
विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और भी सशक्त एवं सार्थक बनाया।
🔸यह कार्यक्रम जिले में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिससे न केवल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की भावना जगी, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों को भी गर्व की अनुभूति हुई।
मनीष सोनी की रिपोर्ट
