पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में टीकमगढ़ जिले में नशामुक्ति अभियान सतत रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ कर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा तथा एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलदेवगढ़ निरीक्षक श्रीमती प्रीति भार्गव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा दिनांक 08 फरवरी 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर ग्राम डारगुआँ में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान आरोपी
संतोष सिंह बुंदेला, पिता विजय सिंह बुंदेला, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम डारगुआँ एवं बृजभान सिंह लोधी, निवासी रमपुरा को अवैध रूप से शराब का विक्रय करते हुए पाया गया। आरोपियों से वैध दस्तावेजों की मांग करने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब (कुल मात्रा 63 लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत ₹35,000/- है, को विधिवत जप्त किया गया। उक्त संबंध में थाना बलदेवगढ़ में अपराध क्रमांक 53/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बलदेवगढ़ निरीक्षक श्रीमती प्रीति भार्गव, उप निरीक्षक श्री एन.एल. ठाकुर, उप निरीक्षक श्री जे.एन. भगत, आरक्षक केशव लोधी, आरक्षक जितेंद्र सहित थाना बलदेवगढ़ का पुलिस बल सम्मिलित रहा।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्यवाही की जाएगी तथा नशामुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
