ध्यान, संतुलन और सेवा:— विश्व ध्यान दिवस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीकमगढ़ पुलिस का सामूहिक प्रयास

पुलिस मुख्यालय एवं हार्टफुलनेस संस्थान के मध्य संपन्न हुए एमओयू के तहत पुलिस कर्मियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश के समस्त जिलों में निरंतर ध्यान एवं आत्मचिंतन सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रेरणादायी श्रृंखला के अंतर्गत विश्व ध्यान दिवस – 21 दिसंबर 2025 के पावन अवसर पर टीकमगढ़ जिले में जिला मुख्यालय सहित समस्त थाना एवं चौकियों पर सामूहिक ध्यान सत्रों का आयोजन किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित मुख्य ध्यान शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री आलोक कुमार की प्रेरक उपस्थिति रही। उनके नेतृत्व में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में पुलिस बल द्वारा ध्यान साधना की गई। साथ ही जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी पूरे समर्पण एवं उत्साह के साथ ध्यान सत्रों में सहभागिता कर मानसिक ऊर्जा एवं सकारात्मक सोच का अनुभव किया।

इन ध्यान सत्रों का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक शांति प्रदान करना, कर्तव्य निर्वहन के दौरान उत्पन्न तनाव को कम करना, आत्मबल को सशक्त करना तथा सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करना रहा। ध्यान के माध्यम से पुलिस कर्मियों को आत्मसंयम, एकाग्रता एवं सेवा भाव को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा दी गई।

ध्यान सत्रों के दौरान हार्टफुलनेस संस्थान से श्री नितिन कुमार बबेले जी एवं श्री घनाराम प्रजापति जी, तथा जिला पुलिस बल से आरक्षक श्री कृष्णकांत द्विवेदी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्व ध्यान दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए ध्यान को दैनिक जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त सभी पुलिस कर्मियों को दिनांक 21 दिसंबर को रात्रि 8:00 बजे यूट्यूब के माध्यम से कन्हा शांतिवनम, हैदराबाद से प्रसारित होने वाले विश्व ध्यान दिवस के विशेष कार्यक्रम से जुड़ने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे वे वैश्विक स्तर पर ध्यान साधना से जुड़कर आत्मविकास की अनुभूति कर सकें।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रेरणादायी पहल न केवल पुलिस कर्मियों के समग्र स्वास्थ्य एवं मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देती है, बल्कि उन्हें सेवा, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु और अधिक सक्षम बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *