दुकान में घुसकर मारपीट एवं तोड़फोड़ करने वाले फरार आरोपियों को बुढेरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री आलोक कुमार के निर्देशन में जिले में फरार, इनामी एवं स्थायी वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री विक्रम सिंह एवं एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना बुडेरा पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दुकान में घुसकर मारपीट एवं तोड़फोड़ करने वाले फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

फरियादी महेश लोधी पिता हरीराम लोधी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम डिकोली द्वारा थाना बुडेरा में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी कि दिनांक 19.12.2025 को भरत यादव पिता रामनाथ यादव, सोनू यादव पिता बैजनाथ यादव एवं करन लोधी पिता कपूरचंद लोधी, सभी निवासी ग्राम डिकोली, द्वारा फरियादी के सीएससी सेंटर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर मोटरसाइकिल की चाबी की मांग की गई। चाबी देने से इंकार करने पर आरोपियों द्वारा अश्लील गाली-गलौच करते हुए फरियादी के साथ मारपीट की गई तथा दुकान में रखे उपकरणों को क्षतिग्रस्त किया गया।

उक्त रिपोर्ट के आधार पर थाना बुडेरा में अपराध क्रमांक 206/25 अंतर्गत धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 333 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना उपरांत आरोपीगण लगातार फरार चल रहे थे। प्रकरण से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने पर पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम द्वारा सतत प्रयास करते हुए दिनांक 22.12.2025 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय टीकमगढ़ में प्रस्तुत किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर आरोपियों को जिला जेल टीकमगढ़ भेजा गया।

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बुडेरा उप निरीक्षक मनोज यादव, सहायक उप निरीक्षक चुन्नूलाल समुद्रे, प्रधान आरक्षक विजय वर्मा, प्रधान आरक्षक मुन्नालाल, आरक्षक जितेन्द्र सिंह चंदेल, आरक्षक ऋषि प्रताप सिंह एवं आरक्षक संजय बुंदेला का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *